• Friday, March 29, 2024
Breaking News

मप्र में भाजपा के धनबल, संगठन से मुकाबला : कमल नाथ

राजनीति Feb 25, 2021       889
मप्र में भाजपा के धनबल, संगठन से मुकाबला : कमल नाथ

द करंट स्टोरी। कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि "हमारा मुकाबला भाजपा के धनबल, प्रशासनिक दबाव और संगठन से है।" राजधानी में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित महिला कांग्रेस की बैठक में कमल नाथ ने कहा कि आज किसी भी चुनाव में जीतने और हारने के पीछे महिलाएं ही निर्णायक हैं, क्योंकि आज महिलाएं बहुत सक्रिय हैं। 10 साल पहले की राजनीति और आज की राजनीति बहुत बदल गई है, आज समय ने राजनीति को भी परिवर्तित कर दिया है।

कमल नाथ ने आगे कहा, "हमें एक नये नजरिये से महिला कांग्रेस को नए सिरे से मजबूत करने की जरूरत है। आज महंगाई से, बेरोजगारी से हर वर्ग परेशान हैं। कृषि क्षेत्र की बात करें, महिलाओं पर अत्याचार की बात करें, सभी दुखी हैं। बूथ स्तर पर महिलाओं को सक्रिय करें और मजबूत संगठन बनाएं। हर विधानसभा के बूथों पर महिला कांग्रेस का मजबूत संगठन होना चहिए।"

भाजपा के संगठन की चर्चा करते हुए कमल नाथ ने कहा, "हमारी लड़ाई आज भाजपा के धनबल, प्रशासनिक दबाव व संगठन से है। प्रशासन विधायकों से नहीं, महिलाओं से डरता है। हमें सच्चाई के लिए, न्याय के लिए आक्रामक होने की जरूरत है।"

भाजपा की सियासी रणनीति का हवाला देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ध्यान मोड़ने की राजनीति करती है। पेट्रोल-डीजल के भाव बढ़े, जनता त्रस्त है तो यह चंदे की तरफ जनता का ध्यान मोड़ने में लग गए हैं।

कमल नाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा, "2014 में मोदी कितने बड़े-बड़े सपने दिखाते थे, किसानों की खुशहाली, हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात करते थे, लेकिन 2019 में उन्होंने ये सब बातें न करके शहीदों के नाम पर वोट मांगा। आज न ये किसान की बात करते हैं, न युवा की बात करते हैं, आज ये ध्यान मोड़ने के लिए पाकिस्तान की, राष्ट्रवाद की बात करते हैं।"

महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कमल नाथ ने आह्वान किया कि महिला कांग्रेस कार्यकर्ता राज्य की महिलाओं को यह सच्चाई समझाएं। महिलाओं को समझाइए कि आप भले ही हमारा साथ मत दें, कांग्रेस का साथ मत दें, लेकिन सच्चाई का साथ जरूर दें। हमें सच्चाई के इस संदेश को लोगों तक पहुंचाना है, भाजपा की हकीकत महिलाओं को बताएं, सच्चाई का साथ देने की अपील करें।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस की मजबूती के लिए महिला कांग्रेस का मजबूत होना जरूरी है। आठ मार्च महिला दिवस को कांग्रेस एक बड़ा महिला अधिवेशन करेगी।

Related News

मप्र : मुरैना में 2 भाजपा नेता भिड़े, कांग्रेस ने वीडियो साझा कर चुटकी ली

Mar 15, 2021

द करंट स्टोरी। मध्यप्रदेश के मुरैना में भाजपा के दो नेताओं में भिड़ंत हो गई। दोनों एक-दूसरे से हुज्जत करने पर उतारू थे, तभी अन्य नेताओं ने उनके बीच आकर बीच-बचाव किया। ये दोनों नेता दिग्गजों के समर्थक बताए जा रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल से इस वाकए का वीडियो साझा कर चुटकी ली। जानकारी के अनुसार, मुरैना में भाजपा नेता केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर व प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा एक...

Comment