• Thursday, April 25, 2024
Breaking News

RVNL की बड़ी लापरवाही: 2 मजदूरों को लगा 25000 वोल्ट करंट, कंपनी मामले को दबाने में लगी

Exclusive Apr 06, 2018       5297
RVNL की बड़ी लापरवाही: 2 मजदूरों को लगा 25000 वोल्ट करंट, कंपनी मामले को दबाने में लगी

द करंट स्टोरी, भोपाल। तीसरी रेल लाइन बनाने वाली कंपनी रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) की बड़ी लापरवाही सामने आई है। लाइन बनाने के लिए कंपनी द्वारा सुरक्षा नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है, जिससे कई मजदूरों की जान खतरे में है। हाल ही में कंपनी के दो मजदूरों को लाइव लाइन (25 हजार वोल्ट) के नीचे काम करने से जोरदार करंट लगा, जिससे इनकी हालत गंभीर हो गई। कंपनी ने आनन फानन में दोनो को अस्पताल में भर्ती कराया, जिसके बाद उनकी जान बच पाई। अब कंपनी मामले को दबाने में जुटी हुई है।

दरअसल, RVNL द्वारा हबीबगंज से बरखेड़ा के बीच तीसरी रेल लाइन का निर्माण कराया जा रहा है। काम के दौरान कंपनी द्वारा सुरक्षा नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। जिससे लगातार गरीब मजदूर घायल हो रहे हैं। वहीं रेलवे द्वारा RVNL पर कोई कार्रवाही नहीं की जा रही है। 

द करंट स्टोरी को विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली कि 29 मार्च को मिसरोद स्टेशन के पास बने स्विचिंग पोस्ट पर बिना सुरक्षा उपकरण के मजदूरों से लाइव ओएचई लाइन के नीचे  काम कराया जा रहा था। इसी बीच सुबह करीब 10 बजकर 50 मिनट पर, दो मजदूरों — सुनील पंडित और छत्रपाल, को जोरदार करंट लगा। इसमें छत्रपाल की हालत बेहद गंभीर हो गई और दोनो बेहोश हो गए। जानकारी अनुसार RVNL के इलेक्ट्रिक विभाग द्वारा भोपाल रेल मंडल से काम करवाने के लिए कोई भी ब्लॉक नहीं मांगा गया था।

घटना के तुरंत बाद, दोनो मजदूरों को मिसरोद थाने के पास स्थित नोबल अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया। सुनील पंडित को 31 मार्च को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन छत्रपाल की हालत गंभीर बनी हुई थी। शुक्रवार 6 अप्रैल को छत्रपाल को भी छुट्टी दे दी गई, लेकिन उसे हर दो दिन अस्पताल आना पड़ेगा। 

RVNL द्वारा मामले को दबाने के पूरे प्रयास किए गए और इस बात की खबर भोपाल रेल मंडल में किसी को भी नहीं दी गई। RVNL के इलेक्ट्रिकल विभाग ने भी रेलवे से ब्लॉक लिए बिना ही काम करवाया।

द करंट स्टोरी ने नोबल अस्पताल जाकर मामले की पुष्टि भी की। 

RVNL बिना ब्लॉक लिए ही करता है काम!
रेलवे से जुड़े सूत्रों के अनुसार RVNL द्वारा सुरक्षा नियमों का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है। अकसर मजदूरों के घायल होने की घटना होती रहती है। हाल ही में RVNL के काम के दौरान ट्रेक में एक चार पहिया वाहन चढ़ गया था। 

इनका कहना है:

"चार्ज लाइन के नीचे काम करते वक्त दोनों मजदूरों को करंट लग गया था। 29 मार्च को ही दोनो मजदूरों को अस्पताल में भर्ती करा दिया था।"
-एस.एस. राजपूत, एक्सपर्ट, पीएमसी, RVNL

"29 मार्च को सुनील पंडित और छत्रपाल को सुबह 11.33 बजे गंभीर हालत में एडमिट किया गया था। दोनो को जोरदार करंट लगा था। 31 मार्च को सुनील पंडित और 6 अप्रैल को छत्रपाल को डिस्चार्ज कर दिया गया है। ज्यादा जानकारी डॉक्टर ही दे सकते हैं।" 
-दिग्विजय, कॉर्डिनेटर, नोबल अस्पताल

सीपीएम RVNL ने नहीं दिया जवाब:
द करंट स्टोरी ने जब मामले को लेकर RVNL के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर (सीपीएम) विकास अवस्थी से बात करनी चाही तो उन्होंने फोन का जवाब नहीं दिया। उन्होंने एसएमएस का भी खबर लिखे जाने तक कोई जवाब नहीं दिया। 

द करंट स्टोरी ने पहले भी किया है कई मामलों का खुलासा
हमने अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए, RVNL द्वारा बरती जा रही लापरवाही को लेकर कई खबरें प्रकाशित कीं। लेकिन न तो रेलवे प्रशासन और न ही RVNL के आला अधिकारियों ने इस पर कोई कार्रवाही की। 

इन खबरों को भी पढ़ें:
GM के आदेश हुए हवा, रोक के बावजूद RVNL करा रहा काम
गड़बड़ी के चलते थर्ड लाइन का काम रुका, CRS ने खोली RVNL की पोल
RVNL की लापरवाही पार्ट 3: कैसे ठेकेदारों के कर्मचारियों ने ली डायनामाइट के उपर सेल्फी
तीसरी रेल लाइन के निर्माण में ब्लास्टिंग के दौरान लापरवाही, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
 

Related News

जांच एजेंसी के सामने, कसूरवार से पीड़ित बनने का खेल

Feb 13, 2024

सोचिए, नहीं तो एक दिन हर व्यक्ति भ्रष्ट अधिकारियों से ब्लैकमेल होने लगेगा प्रवेश गौतम (द करंट स्टोरी, भोपाल)। मध्य प्रदेश में सरकारी अधिकारियों के विरुद्ध कई मामलों में जांच चल रही है। आलम यह है की प्रदेश सरकार इन अधिकारियों पर अभियोजन की अनुमति नहीं दे रही है। सरकार द्वारा अनुमति न देने के कई कारण हो सकते है , जिनमे राजनीतिक के अलावा अन्य कारण भी शामिल हैं। पिछले कुछ सालों में भ्रष्ट...

Comment